BN बांसवाड़ा न्यूज़ से – मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में इस हफ्ते नामीबिया से कुल 8 चीते आने वाले हैं। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि नामीबिया से लेकर भारत तक की यात्रा ये चीते खाली पेट करेंगे। 17 सितंबर को इन चीतों को कार्गो एयरक्राफ्ट से लाया जाएगा।
मध्य प्रदेश के मुख्य वन संरक्षक जेएस चौहान ने पीटीआई को बताया कि एहतियात के तौर पर यह अनिवार्य है कि यात्रा के दौरान जानवर को खाली पेट रखा जाए। उन्होंने बताया कि चीतों को नामीबिया से जयपुर लाया जाएगा उसके बाद उन्हें कुनो नेशनल पार्क में पहुंचाया जाएगा। इस दौरान उन्हें खाली पेट रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सावधानी इसलिए बरती जा रही है क्योंकि लंबी यात्रा के दौरान जानवरों को मतली जैसी समस्या हो सकती है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 17 सितंबर की सुबह सभी चीते करीब 7 बजे तक भारत पहुंच जाएंगे। पीटीआई के अनुसार यह यात्रा कुल 16 घंटे 40 मिनट की हो सकती है। हालांकि अधिकारियों ने इसपर कोई टिप्पणी नहीं किया है। एक अनुमान के मुताबिक यह बताया जा रहा है कि यह यात्रा 16 से 20 घंटे के करीब हो सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपने जन्मदिन पर इन चीतों को बाड़ों में छोड़ेगें। भारत में चीतों की आबादी 19वीं शताब्दी के दौरान घट गई। इसकी मुख्य वजह स्थानीय राजाओं और ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा चीतों का शिकार करना था। वर्ष 1948 में अंतिम तीन एशियाई चीतों का शिकार किया गया और 1952 में चीता को देश में विलुप्त घोषित कर दिया गया था।