निंबाहेड़ा। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के अंतिम चरण के मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही चुनावी प्रचार तेज हो गया है। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने मोर्चा संभालते हुए जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के उम्मीदवारों के पक्ष में सघन जनसंपर्क शुरू किया है। इस दौरान वे विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर आमजन से कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील कर रहे हैं।

जनसंपर्क के दौरान पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव की हवा चल रही है और भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि अब भाजपा के दिन पूरे हो चुके हैं।
मांगरोल में आयोजित जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आंजना ने कहा कि अभी तक हुए चुनावों के रुझानों में कांग्रेस समर्थित सरपंचों को अच्छी सफलता मिली है। इसका उदाहरण छोटी सादड़ी में देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को कायम रखने के लिए कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाना जरूरी है। कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताकर दिल्ली तक संदेश पहुंचाना होगा कि राजस्थान में भाजपा का जनाधार कमजोर हो रहा है।

आंजना ने भाजपा पर भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में सत्ता केंद्रित हो गई है। इसके कारण भाजपा के कार्यकर्ताओं के काम भी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को अपने काम करवाने के लिए ऐसे नेताओं की तलाश करनी पड़ती है, जिनकी पहुंच विधायकों तक हो।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश की मौजूदा व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम आदमी परेशान है। किसानों को खाद के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, बिजली की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है और अस्पतालों में व्यवस्थाएं भी ठीक नहीं हैं। उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
इन ग्राम पंचायतों में किया जनसंपर्क
उदयलाल आंजना ने सोमवार एवं मंगलवार को पंचायत समिति क्षेत्र की बड़ौली घाटा, अरनिया जोशी, टाई, भुजियाखेड़ी, ऊखलिया, सतखंडा, मांगरोल, नरसिंहगढ़ एवं बाड़ी ग्राम पंचायतों में पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क किया।
जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में मिल रहे समर्थन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, चुनावी नतीजों से ही क्षेत्र की वास्तविक राजनीतिक तस्वीर स्पष्ट होगी।
📰 भोर नायक (साप्ताहिक समाचार पत्र) | प्रधान संपादक- शहज़ाद ख़ान – बांसवाड़ा ब्यूरो saeed Mirza
Powered by News Mirza
सईद मिर्ज़ा की रिपोर्ट | News Mirza














