सईद मिर्ज़ा की रिपोर्ट | बांसवाड़ा, 16 नवंबर।
बांसवाड़ा जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत चतुर्थ चरण का मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस चरण में जिले की आठ पंचायत समितियों अरथुना, बांसवाड़ा, छोटी सरवा, डूंगरा छोटा, गढ़ी, कुशलगढ़, सज्जनगढ़ एवं सरेड़ी बड़ी के अंतर्गत आने वाली कुल 276 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान कराया गया।
मतदान के दौरान सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन विभाग की ओर से जारी शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 86.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस दौरान कुल 5,58,444 मतदाताओं ने मतदान किया।
छोटी सरवा में सर्वाधिक मतदान
आठ पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत की बात करें तो छोटी सरवा पंचायत समिति में सर्वाधिक 92.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं डूंगरा छोटा में 90.06 प्रतिशत, कुशलगढ़ में 90.35 प्रतिशत, सज्जनगढ़ में 88.36 प्रतिशत, बांसवाड़ा में 87.29 प्रतिशत, अरथुना में 84.39 प्रतिशत, सरेड़ी बड़ी में 83.10 प्रतिशत तथा गढ़ी में 79.86 प्रतिशत मतदान हुआ।
पंचायत समितिवार मतदान का विवरण
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार अरथुना पंचायत समिति में 70,933, बांसवाड़ा में 1,20,276, छोटी सरवा में 43,763, डूंगरा छोटा में 59,260, गढ़ी में 79,401, कुशलगढ़ में 86,017, सज्जनगढ़ में 63,143 तथा सरेड़ी बड़ी में 35,651 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया एवं सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही मतदान दलों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों, सुरक्षाकर्मियों तथा स्काउट एवं गाइड के सदस्यों से बातचीत कर उनके कार्यों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी पूरे समय क्षेत्र में सक्रिय रहे। अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाए रखी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार अंतिम मतदान प्रतिशत एवं मतदाताओं की संख्या संबंधी जानकारी प्राप्त होने के बाद मतदान के अंतिम आंकड़े जारी किए जाएंगे।














