बांसवाड़ा। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (GMC), बांसवाड़ा में नवप्रवेशित एमबीबीएस 2026 बैच के विद्यार्थियों के लिए गरिमामय ‘कैडेवरिक ओथ’ (शव शपथ) समारोह का आयोजन किया गया। कॉलेज के एनाटॉमी (शरीर रचना विज्ञान) विभाग की ओर से आयोजित इस समारोह में भावी चिकित्सकों ने मानव देह को अपना प्रथम गुरु मानते हुए पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. योगेश काँचा के मार्गदर्शन एवं एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू पुरोहित के नेतृत्व में कॉलेज के डिसेक्शन हॉल में किया गया। समारोह में प्रधानाचार्य, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, कॉलेज स्टाफ तथा सफेद एप्रन पहने एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देहदान करने वाले महादानियों के निस्वार्थ योगदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही मानव शरीर की गरिमा बनाए रखने, चिकित्सा शिक्षा के दौरान संवेदनशीलता, नैतिकता और व्यावसायिक जिम्मेदारी का पालन करने की शपथ ली।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. योगेश काँचा एवं विभागाध्यक्ष डॉ. नीतू पुरोहित ने कहा कि मानव शरीर के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना ही एक संवेदनशील, समर्पित और जिम्मेदार चिकित्सक बनने की पहली नींव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और चिकित्सकीय नैतिकता को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
कैडेवरिक ओथ समारोह ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि चिकित्सा विज्ञान की शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके केंद्र में मानवता, सम्मान और सेवा की भावना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
📰 भोर नायक (साप्ताहिक समाचार पत्र) | प्रधान संपादक- शहज़ाद ख़ान – बांसवाड़ा ब्यूरो saeed Mirza
Powered by News Mirza














