बांसवाड़ा। देव दीपावली के पावन अवसर पर भारत तिब्बत सहयोग मंच, महिला विभाग चित्तौड़ प्रांत बांसवाड़ा की ओर से सेवा और आत्मीयता की अनूठी पहल की गई। मंच की महिला सदस्यों ने कालिका माता आश्रम स्थित मानसिक विमंदित पुनर्वास केंद्र में पहुंचकर वहां रहने वाले बच्चों एवं अन्य सदस्यों के साथ देव दीपावली का पर्व मनाया।
इस दौरान सभी के बीच खुशियां साझा करते हुए कपड़े, मिठाई, नमकीन और बिस्किट वितरित किए गए। महिला सदस्यों ने बच्चों एवं आश्रम के सदस्यों के साथ समय बिताया और उन्हें अपनत्व का एहसास कराने का प्रयास किया।
मंच की बहनों ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी केवल अपने परिवार के साथ उत्सव मनाने में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाने में है। समाज के ऐसे लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार मनाना आत्मिक संतोष और आनंद का अनुभव कराता है।
इस सेवा कार्य में प्रांत उपाध्यक्ष साक्षी दक, अंजना मेठानी, वंदना मेहता एवं विनीता चौहान का विशेष सहयोग रहा। सभी ने मिलकर प्रेम, सेवा और समर्पण की भावना के साथ यह आयोजन संपन्न किया।
इस पहल के माध्यम से संदेश दिया गया कि त्योहारों की खुशियां सभी के साथ बांटनी चाहिए, ताकि समाज का हर व्यक्ति प्रेम, सम्मान और अपनत्व का अनुभव कर सके।
📰 भोर नायक (साप्ताहिक समाचार पत्र) | प्रधान संपादक- शहज़ाद ख़ान – बांसवाड़ा ब्यूरो saeed Mirza
Powered by News Mirza














