बांसवाड़ा। आगामी पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर बांसवाड़ा पुलिस द्वारा संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में संवेदनशील मतदान केंद्र दनाक्षरी में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर संवाद किया।
निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान पर जोर
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह, वृत्ताधिकारी बांसवाड़ा रामकुमार तथा आम्बापुरा एवं दानपुर के थानाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आगामी पंचायत चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आदर्श आचार संहिता की पालना करने तथा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से चुनाव के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में आमजन की सहभागिता के महत्व पर भी जोर दिया गया।
बांसवाड़ा पुलिस का संदेश: सेवा, सुरक्षा, विश्वास।














