बांसवाड़ा, 21 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने निर्वाचन संबंधी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने बुधवार को पंचायत समिति छोटी सरवन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने छायनबड़ी, नापला, नादिया और कोईवाव (दौलतपुरा) सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी रामकुमार वर्मा, विकास अधिकारी वाल सिंह राणा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
News Mirza | बांसवाड़ा से समाचार














