बांसवाड़ा। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) राजस्थान की ओर से आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 नवंबर 2026 को बांसवाड़ा जिले के कस्बा सुन्दनपुर स्थित नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय जयपुर के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता एवं पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में उदयपुर रेंज के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन में ACB बांसवाड़ा चौकी के पुलिस उप अधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित एवं ब्यूरो स्टाफ ने भाग लिया।
जनसंवाद कार्यक्रम में राजस्थान पेंशनर समाज सुन्दनपुर, जिला बांसवाड़ा के प्रतिनिधि एवं सदस्य शामिल हुए। इस दौरान ACB अधिकारियों ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में ट्रैप कार्रवाई, पद के दुरुपयोग, आय से अधिक संपत्ति, आकस्मिक चेकिंग तथा ब्यूरो की नवाचार योजना रिवॉल्विंग फंड के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर आवाज उठाने और उनकी रिपोर्ट करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
ACB ने जारी किए शिकायत के हेल्पलाइन नंबर
बैठक में उपस्थित लोगों को भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए ब्यूरो की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064, व्हाट्सएप नंबर 9413502834 तथा ACB चौकी बांसवाड़ा के दूरभाष नंबर 02962-242990 की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ब्यूरो मुख्यालय से प्राप्त पेम्पलेट भी वितरित किए गए।
ACB अधिकारियों ने राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के विरुद्ध किए जा रहे प्रयासों एवं नवाचारों की जानकारी देते हुए भ्रष्टाचार मुक्त राजस्थान बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की।
ब्यूरो की ओर से आश्वस्त किया गया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध शिकायत करने वाले परिवादी को उसके वैध कार्य करवाने में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा तथा परिवादी की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।














