बांसवाड़ा। विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति एवं दुर्गावाहिनी की बहनों द्वारा कार्तिक शुक्ल पक्ष की आंवला नवमी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नई आबादी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर परिसर में आंवले के वृक्ष का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान विष्णु की आराधना की गई।
पूजन के दौरान महिलाओं ने आंवले के वृक्ष पर रोली, अक्षत, पुष्प एवं जल अर्पित कर धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात भगवान विष्णु की कथा का श्रवण किया तथा आंवले के वृक्ष की 108 परिक्रमा लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
विश्व हिंदू परिषद बांसवाड़ा के जिला प्रचार एवं प्रसार प्रमुख तरुण कुमार अडीचवाल ने बताया कि कार्यक्रम में मातृशक्ति की जिला संयोजिका मिथिलेश कौशिक ने आंवला नवमी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म में आंवले के वृक्ष को अत्यंत पवित्र माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन आंवले के वृक्ष का पूजन करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और धार्मिक आस्था का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी बहनों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मातृशक्ति की सत्संग प्रमुख मीना राठौर, नगर सहसंयोजिका सीमा दवे, मीनाक्षी अग्रवाल, पिंकी जोशी, आशा किरण सिसोदिया, गीता पांचाल सहित अन्य बहनें उपस्थित रहीं।
📰 भोर नायक (साप्ताहिक समाचार पत्र) | प्रधान संपादक- शहज़ाद ख़ान – बांसवाड़ा ब्यूरो saeed Mirza
Powered by News Mirza














