जयपुर। करधनी थाना इलाके के गोविंद वाटिका में एक घर से चार शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार घर में एक महिला और उसकी तीन बेटियों की हत्या की गई है। मृतकों की पहचान गीता झा और उनकी बेटियों नंदनी (23 साल ), राधिका (18 साल ) और गौरी (14 साल ) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गोविंद वाटिका स्थित प्लॉट नंबर ए-169 में हत्या की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अलग-अलग कमरों में चारों के शव मिले। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला पत्थर भी बरामद किया है।
अलग-अलग कमरों में मिले शव
पुलिस के अनुसार गीता झा का शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में मिला, जबकि उनकी तीन बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले। पुलिस का अनुमान है कि वारदात रात के समय हुई। फिलहाल पुलिस हत्या के घटनाक्रम और चारों को निशाना बनाए जाने के क्रम की जांच कर रही है।
हत्या के बाद पिता को पिलाई चाय
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी बताए जा रहे राहुल झा का वारदात के बाद का व्यवहार सामने आया है। पुलिस के अनुसार राहुल ने शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे दूध लिया। इसके बाद उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें चाय पिलाई।
पिता को उस समय घर में हुई चार हत्याओं की जानकारी नहीं थी। चाय पिलाने के बाद राहुल तैयार हुआ और घर से निकल गया। इसके बाद से वह फरार बताया जा रहा है।
बाप को खून देखकर शक हुवा
राहुल के पिता के अनुसार सुबह बेटे ने उन्हें चाय बनाकर दी और इसके बाद वह घर से चला गया। बाद में घर के कमरों में खून दिखाई देने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। पुलिस अब पिता समेत पड़ोसियों और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है।
राहुल शेयर ट्रेडिंग करता था
पड़ोसियों के मुताबिक राहुल झा शेयर ट्रेडिंग का काम करता था। उसकी पत्नी गीता झा मकान की पहली मंजिल पर बुटीक चलाती थीं। तीनों बेटियां पढ़ाई कर रही थीं। बड़ी बेटी नंदनी पढ़ाई के साथ प्राइवेट नौकरी भी करती थी। बताया जा रहा है कि राहुल करीब तीन दिन पहले ही गुजरात से जयपुर लौटा था।
तीन दिन पहले मांगे थे 50 हजार रुपये
पुलिस जांच में राहुल के आर्थिक लेन-देन का पहलू भी सामने आया है। पड़ोस में रहने वाली एक महिला के अनुसार राहुल ने करीब तीन दिन पहले उससे 50 हजार रुपये उधार मांगे थे। महिला का कहना है कि उसने राहुल को 25 हजार रुपये दिए थे। पुलिस अब आर्थिक स्थिति और लेन-देन से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
छह साल पहले खरीदा था मकान
परिजनों के अनुसार परिवार जिस मकान में रहता था, उसे राहुल ने करीब छह साल पहले खरीदा था। इसी मकान की पहली मंजिल पर गीता बुटीक चलाती थीं। घटना की जानकारी सामने आने के बाद घर के बाहर रिश्तेदारों और पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी।
तीन दिन पहले परिवार ने साथ खाना खाया था
राहुल के भाई संजय कुमार झा और भतीजे राज के मुताबिक उन्हें पति-पत्नी के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। उनके अनुसार राहुल करीब तीन दिन पहले घर आया था और उस दौरान परिवार के सभी सदस्यों ने साथ बैठकर खाना खाया था। उस समय किसी तरह के विवाद या तनाव का पता नहीं चला था।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान राहुल की तलाश, हत्या की वजह और वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने पर है। पुलिस घर से मिले साक्ष्यों के साथ परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।
चार लोगों की मौत के बाद राहुल का फरार होना और वारदात के बाद अपने बुजुर्ग पिता को चाय पिलाना इस पूरे मामले को बेहद गंभीर और हैरान करने वाला बना रहा है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
📰 भोर नायक (साप्ताहिक समाचार पत्र) | प्रधान संपादक- शहज़ाद ख़ान – बांसवाड़ा ब्यूरो saeed Mirza
Powered by News Mirza














