📰 भोर नायक (साप्ताहिक समाचार पत्र) | बांसवाड़ा ब्यूरो saeed Mirza
🎥 Banswara News Mirza
बांसवाड़ा।
राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बांसवाड़ा जिला पुलिस द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में 150 से अधिक महिला वॉलंटियर्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, साइबर सुरक्षा तथा पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस लाइन के अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में महिला वॉलंटियर्स उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से सीधे संवाद कर उन्हें महिला अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने और शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन हेल्पलाइन 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, POCSO E-Box, SHE-Box, सेल्फ डिफेंस, महिला बीट अधिकारी योजना तथा अन्य पुलिस सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए।
पुलिस अधिकारियों ने महिला वॉलंटियर्स से अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं तक सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने तथा पुलिस और समाज के बीच मजबूत कड़ी बनने का आह्वान किया। अभियान का उद्देश्य जिले में महिलाओं के लिए सुरक्षित, जागरूक और विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करना है।
प्रधान संपादक- शहज़ाद ख़ान
बांसवाड़ा ब्यूरो चीफ- सईद मिर्ज़ा Official – भोर नायक
Powered by Banswara News Mirza














