जिला कलक्टर ने ली विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक

0
15
जिला कलक्टर ने ली विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक (2)
जिला कलक्टर ने ली विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक (2)

बांसवाड़ा, 19 अगस्त। जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव की अध्यक्षता में बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के वीसी कक्ष में विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश बरोलिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने ली विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक (1)
जिला कलक्टर ने ली विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक (1)

हरियालो राजस्थान अभियान में पौधारोपण पर जोर

जिला कलक्टर ने हरियालो राजस्थान अभियान की विभागवार एवं पंचायत समितिवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पौधारोपण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पौधारोपण कार्यों की जियो टैगिंग सुनिश्चित करने को कहा।

शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग को पौधारोपण अभियान पर विशेष ध्यान देते हुए मिशन मोड में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बैठक में जनसुनवाई, संपर्क, सतर्कता, सीएमओ एवं पीजी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने लंबित शिकायतों की संख्या कम करने, शिकायतों के निस्तारण से संबंधित संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने और औसत निस्तारण समय कम करने पर जोर दिया।

उन्होंने 15 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभागों को शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया।

जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जिला कलक्टर ने पशुपालन एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से जुड़े भूमि आवंटन प्रकरणों की समीक्षा की। संबंधित तहसीलदारों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

वहीं मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान (एमजेएसए) एवं जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यों में गति लाने को कहा गया। उन्होंने पूर्ण कार्यों को पोर्टल पर अपलोड करने तथा उनकी जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता दिलाने पर जोर

सड़क दुर्घटनाओं में सहायता से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने दुर्घटना संबंधी प्रकरण पटवार मंडल से प्राप्त कर पोर्टल पर अपलोड करने और पात्र पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

NFSA, पेंशन और पालनहार योजनाओं की समीक्षा

बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के लंबित आवेदनों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा पालनहार योजना के वार्षिक सत्यापन कार्य की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सेवा शिविरों के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।

जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

प्रधान संपादक- शहज़ाद ख़ान

बांसवाड़ा ब्यूरो चीफ- सईद मिर्ज़ा Official – भोर नायक
Powered by News Mirza

Previous articleनगरीय निकाय चुनाव 2026 की घोषणा, बांसवाड़ा में आचार संहिता लागू
Banswara News
बांसवाड़ा न्यूज़ चैनल राजस्थान एवं सम्पूर्ण भारत देश का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल, वेब पोर्टल ,मिडिया युटुब चैनल है । देश हित जन हित सबसे पहले राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार, और खेल जगत , सेहत व् स्वास्थ्य , धार्मिक, मज़हबी, वागड़ी, खबरों एवं समाचारों को भी शामिल करता है। लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज,वेबपोर्टल न्यूज़ , के लिए हमसे हमेशा जुड़े रहें ,जय हिन्द ,जय भारत !

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here