बांसवाड़ा, 17 जून। ट्राइबल केयर सेवा संस्थान (TCS), बांसवाड़ा द्वारा बुधवार को TAD सभागार में जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 300 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान NEET, JEE, RTS, NET, Ph.D. सहित शिक्षा, प्रशासन, साहित्य, चिकित्सा, कृषि, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली 14 प्रतिभाओं को “आदिवासी गौरव एवं प्रेरणा पुरस्कार–2026” से सम्मानित किया गया।

समारोह का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, गोविन्द गुरु, वीर बाला कालीबाई, महाराणा प्रताप एवं पूंजा भील के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय ने शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम की शुरुआत आंचल आर्य द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। संस्थान के सदस्य राहुल पारगी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए TCS संस्थान की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी साझा की और शिक्षा को समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।
समारोह के मुख्य अतिथि नुकेश भगोरा (अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बालोतरा) रहे। अध्यक्षता रमेश चन्द्र वडेरा (उपखंड अधिकारी, सागवाड़ा) ने की। विशिष्ट अतिथियों में मानसी डिंडोर (तहसीलदार), रेखा रोत (CBEO, बागीदौरा), रूपजी बारिया (CBEO, सज्जनगढ़), अरुणा डिंडोर (उपायुक्त, TAD), जीतमल पणदा (सेवानिवृत्त DEO) एवं डॉ. दिनेश भाभोर (RCHO, बांसवाड़ा) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. जयदीपराज डामोर, जयंतिलाल पारगी, अर्जुन भाई पारगी, अंजली दायमा, ममता मीणा, प्रवीण डोडियार, वकीलराज डिंडोर, डॉ. दीपक निनामा, ललित किशोर पारगी, कमलेश निनामा एवं भरत पटेल सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर साहित्यकार एवं लोक कलाकार मुकेश पारगी तथा अर्जुन भाई पारगी ने वागड़ी लोकगीतों की प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध विरासत को जीवंत किया।
जिला अध्यक्ष दिनेश मकवाना ने संस्थान की उपलब्धियों एवं समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की अपील की।
अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए TCS संस्थान की इस अभिनव पहल की सराहना की।
TCS संस्थान द्वारा आयोजित यह समारोह जनजातीय समाज के विद्यार्थियों और प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।














