बांसवाड़ा, 18 जुलाई। जिले के सल्लोपाट थाना पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख 60 हजार रुपये कीमत की 52 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक बोलेरो वाहन तथा एस्कॉर्ट कर रही बिना नंबर की आर15 स्पोर्ट्स बाइक भी जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि बाइक पर सवार दो बाल अपचारी मौके से डिटेन किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरण पुत्र जीतमल (28 वर्ष), निवासी खुंटागलिया, थाना सल्लोपाट के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को शाम करीब 4:35 बजे नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की आर15 बाइक को रोककर पूछताछ की गई। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी व देशी शराब बरामद हुई।
जब्त शराब में विभिन्न ब्रांडों की बीयर, व्हिस्की और अन्य शराब की कुल 52 कार्टन शामिल हैं। पुलिस ने बोलेरो और आर15 बाइक को जब्त कर लिया है तथा शराब कहां से लाई गई और कहां ले जाई जा रही थी, इसकी जांच जारी है।
यह कार्रवाई थानाधिकारी जलेश पाटीदार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की।














