विश्व पर्यावरण दिवस पर नौगामा में पर्यावरण संगोष्ठी आयोजित

0
55
विश्व पर्यावरण दिवस पर नौगामा में पर्यावरण संगोष्ठी आयोजित
विश्व पर्यावरण दिवस पर नौगामा में पर्यावरण संगोष्ठी आयोजित

नौगामा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आचार्य विभव सागर महाराज की शिष्या आर्यिका 105 सिद्ध मति माता के सानिध्य में महावीर इंटरनेशनल शाखा नौगामा द्वारा पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. निखिल जैन, महावीर इंटरनेशनल शाखा अध्यक्ष सुरेश चंद्र गांधी, सचिव कैलाश पंचोली, भरत पंचोली, नितेश जैन सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं उपस्थितजनों के स्वागत से हुई। संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर विशेष जोर दिया गया।

महावीर इंटरनेशनल शाखा अध्यक्ष सुरेश चंद्र गांधी ने बताया कि संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

आयिका 105 सिद्ध मति माताजी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। पर्यावरण प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर रहने वाले सभी जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण आवश्यक है।

माताजी ने बताया कि आचार्य विभव सागर महाराज ने वर्ष 2021 में नौगामा प्रवास के दौरान पर्यावरण संरक्षण पर विशेष चिंतन प्रस्तुत किया था तथा इस विषय पर कई रचनाएं लिखी थीं। उन्हीं रचनाओं को अब पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित कविता का पाठ कर जन-जागरण का संदेश भी दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. निखिल जैन ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाली दूषित गैसें और बढ़ता प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य सामाजिक अवसरों पर “एक पौधा धरती मां के नाम” लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

इस दौरान चुन्नू-मुन्नू गांधी, मौलिक, आशीष पंचोली तथा जैन पाठशाला के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।

अंत में सुरेश चंद्र गांधी ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है और इसके संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण, जल संरक्षण तथा ऊर्जा बचत जैसे छोटे-छोटे प्रयास करने चाहिए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की

-बांसवाड़ा न्यूज़ मिर्ज़ा – banswaranewsindia@gmail.com-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here